Home » उत्‍तर प्रदेश » उत्तर प्रदेश सरकार के 8 वर्षों की सफलता पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया संवाद, आगरा में 128 परियोजनाओं का लोकार्पण किया

उत्तर प्रदेश सरकार के 8 वर्षों की सफलता पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया संवाद, आगरा में 128 परियोजनाओं का लोकार्पण किया

Facebook
X
WhatsApp
Telegram

मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के 08 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद

आगरा में आयोजित विकास उत्सव में 635.22 करोड़ रु0 की
128 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अन्तर्गत युवाओं को चेक, आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों
को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया

मुख्यमंत्री ने दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल
सहित विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए

प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री जी के ‘सबका साथ सबका विकास’ के मंत्र के
अनुरूप कार्य किया, सेवा, सुरक्षा और सुशासन के 08 वर्षों में विरासत
और विकास का अद्भुत समन्वय देखने को मिला : मुख्यमंत्री

यह 08 वर्ष उ0प्र0 के इतिहास के उत्कर्ष के 08 वर्ष

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से 02 करोड़ 62 लाख से अधिक
किसानों के खातों में अब तक 80 हजार करोड़ रु0 तथा गन्ना किसानों
के खातों में 02 लाख 80 हजार करोड़ रु0 भेजे जा चुके

साढ़े 08 लाख से अधिक नौजवानों को सरकारी नौकरी दी गयी, हाल ही में 60 हजार से अधिक पुलिस की भर्ती प्रक्रिया सम्पन्न, इसमें 12 हजार से अधिक बेटियां हैं

उ0प्र0 देश में सभी क्षेत्रों में नम्बर एक की प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ा,
यह देश की नम्बर दो की अर्थव्यवस्था बन गया, इसे नम्बर एक
की अर्थव्यवस्था बनने में ज्यादा समय नहीं लगेगा

आगरावासियों को मेट्रो रेल की सुविधा उपलब्ध हुई,
एयरपोर्ट के सिविल टर्मिनल का निर्माण अंतिम चरणों में

श्रद्धेय अटल जी से जुड़े बटेश्वर को वैश्विक पटल पर लाने का कार्य किया जा रहा

डबल इंजन सरकार आगरा के पेठे तथा लेदर इण्डस्ट्री का विकास कर रही

डबल इंजन सरकार ने पेयजल की समस्या के समाधान
के लिए आगरावासियों को गंगाजल उपलब्ध कराया

छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर यहां के म्यूजियम का नामकरण

हमारी सरकार विरासत भी और विकास भी
को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही

वृन्दावन बिहारी लाल के भव्य कॉरिडोर का निर्माण
कार्य आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने इस बजट में व्यवस्था की

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सरकार ने बेटी की शादी
के लिए दी जाने वाली 51 हजार रु0 की धनराशि को बढ़ाकर 01 लाख रु0 किया

मुख्यमंत्री ने शंखाढाल कार्यक्रम में नाथपंथी संतों के भव्य समागम को सम्बोधित किया

लखनऊ : 26 मार्च, 2025

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि डबल इंजन सरकार हर तबके के लोगों के जीवन को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सभी ओर विकास और गरीब कल्याण के कार्य संचालित होते हुए दिखाई दे रहे हैं। प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘सबका साथ सबका विकास’ के मंत्र के अनुरूप कार्य किया, तो सेवा, सुरक्षा और सुशासन के 08 वर्षों में विरासत और विकास का अद्भुत समन्वय भी देखने को मिला है। यह 08 वर्ष उत्तर प्रदेश के इतिहास के उत्कर्ष के 08 वर्ष हैं। प्रदेश वही है, तंत्र भी वही है, केवल सरकार के बदलाव से अभूतपूर्व उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं।
मुख्यमंत्री जी प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा और सुशासन के 08 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज जनपद आगरा के राजकीय इण्टर कॉलेज मैदान में आयोजित विकास उत्सव को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने जनपद आगरा के विकास हेतु कुल 635.22 करोड़ रुपये की 128 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में 323.85 करोड़ रुपये की 58 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 311.37 करोड़ रुपये की 70 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अन्तर्गत युवाओं को चेक, आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री जी ने केन्द्र एवं राज्य सरकार की विकास योजनाओं पर आधारित सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा लगायी गयी चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। ज्ञातव्य है कि प्रदर्शनी में स्वास्थ्य, एम0एस0एम0ई0, मिशन शक्ति, कृषि पुलिस, जल जीवन मिशन, स्मार्ट सिटी सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री जी ने गर्भवती व स्तनपान कराने वाली महिलाओं को पोषण पोटली प्रदान की तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया। उन्होंने दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राई साइकिल सहित विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए तथा ट्राई साइकिल को हरी झण्डी दिखाई मुख्यमंत्री जी ने आगरा के इन्वेस्टर श्री पूरन डाबर तथा श्री वाई0के0 गुप्ता को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के प्रेरणादायी नेतृत्व और मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार के सेवा, सुरक्षा और सुशासन के 08 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जनपद में आयोजित विकास उत्सव के तहत आज उन्हें जनपद आगरा में भागीदार बनने का अवसर मिला है। आज आगरा के विकास से जुड़ी 635 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी सम्पन्न हुआ है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने अपना पहला ही फैसला लघु और सीमान्त किसानां की कर्ज माफी का लिया था। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का लाभ किसानों को दिया गया। वर्तमान में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से 02 करोड़ 62 लाख से अधिक किसानों के खातों में अब तक 80 हजार करोड़ रुपये भेजे जा चुके है। 02 लाख 80 हजार करोड़ रुपये गन्ना किसानों के खातों में भेजे जा चुके हैं। धान, गेहूं, दलहन, तिलहन और आलू के न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करके धनराशि किसानों के खातों में दी जा रही है। अब उत्तर प्रदेश का किसान आत्महत्या नहीं करता है, बल्कि आत्मनिर्भर बनकर उत्तर प्रदेश के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज सरकार सही कदम उठा रही है, तो किसान स्वयं आत्मनिर्भर बनकर प्रदेश के विकास की प्रक्रिया का हिस्सा बने हैं। पहले प्रदेश में युवाओं को नौकरी नहीं मिलती थी। हमने अब तक साढ़े 08 लाख से अधिक नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है। हाल ही में 60 हजार से अधिक पुलिस की भर्ती प्रक्रिया सम्पन्न हुई है। इसमें 12 हजार से अधिक बेटियां हैं। पहले ऐसा कभी नहीं हुआ था। बड़े पैमाने पर लोगों को नौकरी दी गई है। एम0एस0एम0ई0 के माध्यम से परम्परागत उद्यमों को प्रोत्साहित करने के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। पहले की सरकारों में वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की स्थिति थी। हमने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में कार्य किए हैं। ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना की शुरुआत भी हमारी सरकार ने की है। नौजवानों को नौकरी मिली है, रोजगार के अवसर खुले हैं और प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान में देश के सर्वाधिक एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश में है। प्रदेश की इण्टरस्टेट कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। सबसे अधिक शहरों में मेट्रो संचालित करने वाला राज्य उत्तर प्रदेश है। सबसे ज्यादा रेलवे का नेटवर्क भी हमारे यहां है। सबसे अच्छे हाई-वे और एयरपोर्ट भी हमारे प्रदेश में है। सबसे ज्यादा प्रतिभाशाली युवा उत्तर प्रदेश में हैं। आज उत्तर प्रदेश, देश में सर्वाधिक खाद्यान्न पैदा करने वाला राज्य है। प्रदेश सर्वाधिक आलू, गन्ना और एथेनॉल का उत्पादन करने वाला राज्य भी है। उत्तर प्रदेश आज देश में सभी क्षेत्रों में नम्बर एक की प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ा है। उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं है, बल्कि विकास की प्रक्रिया में अग्रणी राज्य है। यह देश की नम्बर दो की अर्थव्यवस्था बन गया है। यदि विकास की यही रफ्तार रही, तो आने वाले समय में इसे नम्बर एक की अर्थव्यवस्था बनने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले आगरा में लोग पेयजल के लिए तरसते थे। डबल इंजन सरकार ने लोगों को गंगाजल उपलब्ध कराया है। आगरा वासियों को मेट्रो रेल की सुविधा उपलब्ध हुई है। अब आगरा मेट्रो सिटी भी हो गई है। एयरपोर्ट के सिविल टर्मिनल का निर्माण अंतिम चरणों में है। पहले की सरकारों ने आगरा में यह सब सुविधा उपलब्ध नहीं कराई आज डबल इंजन सरकार हर घर नल योजना के माध्यम से हर घर जल की सुविधा दे रही है। गांव की कनेक्टिविटी को बेहतर किया जा रहा है। श्रद्धेय अटल जी से जुड़े बटेश्वर को वैश्विक पटल पर लाने का काम डबल इंजन सरकार कर रही है
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आगरा के पेठे तथा लेदर इंडस्ट्री के विकास का कार्य डबल इंजन सरकार कर रही है पिछली सरकार में यहां मुगल म्यूजियम का निर्माण कराया जा रहा था। आगरा का सम्बन्ध ब्रजभूमि, वृन्दावन बिहारी लाल और राधा रानी जी से है आगरा की पहचान छत्रपति शिवाजी महाराज से है। इसलिए हमने यहां के म्यूजियम का नामकरण छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर किया है। छत्रपति शिवाजी महाराज के भव्य स्मारक बनाए जाने की कार्ययोजना भी सरकार आगे बढ़ा चुकी है
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमारी सरकार विरासत भी और विकास भी को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। हमारी सोच सकारात्मक है, इसलिए हमने जनता-जनार्दन का विकास भी किया, गरीब कल्याणकारी योजनाएं भी संचालित की और विरासत का सम्मान करते हुए उनकी पुनर्स्थापना का कार्य भी किया है। काशी में श्री काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्री राम जन्म भूमि मंदिर में श्री राम लला का विराजमान होना, विन्ध्यवासिनी धाम में भव्य कॉरिडोर का निर्माण होना तथा नैमिषारण्य में भव्य कॉरिडोर का निर्माण अपनी विरासत की पुनर्स्थापना के ही कार्य हैं। अब हम मथुरा-वृन्दावन की ओर बढ़े हैं। वृन्दावन बिहारी लाल के भव्य कॉरिडोर के निर्माण के कार्यक्रम को आगे बढ़ाए जाने के लिए सरकार ने इस बजट में व्यवस्था की है। वर्तमान में आगरा में भी रिंग रोड बनाई जा रही है। सरकार विकास कार्यों के प्रति कृतसंकल्पित है। इस संकल्पना के साथ आज 635 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने देश में 04 करोड़ गरीबों को एक-एक आवास और 12 करोड़ गरीबों के घर में एक-एक शौचालय उपलब्ध कराए हैं। देश के 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन की सुविधा दी जा रही है। 50 करोड़ लोग आयुष्मान भारत योजना के तहत 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर प्राप्त कर रहे हैं। देश में 45 करोड़ लोगों के जनधन अकाउण्ट खोले जा चुके हैं। यह भ्रष्टाचार पर प्रहार का सबसे सशक्त माध्यम है। अब सरकारी योजनाओं की धनराशि सीधे लाभार्थियों के खातों में जाती है। 10 करोड़ गरीबों को उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस के निशुल्क कनेक्शन भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत 05 लाख रुपये का चिकित्सा बीमा कवर, 15 करोड़ गरीबों को निःशुल्क राशन, 56 लाख गरीबों को एक-एक आवास और 01 करोड़ 56 लाख गरीबों के घरों में निःशुल्क विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। 01 करोड़ 86 लाख गरीबों को उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस के निःशुल्क कनेक्शन देने के साथ ही, उन्हें होली और दीपावली में एक-एक निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराए जाने के कार्य किए गए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बेटियों के कल्याण के लिए उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हमारी सरकार ने बेटी की शादी के लिए दी जाने वाली 51 हजार रुपये की धनराशि को बढ़ाकर 01 लाख रुपये किया है। 01 करोड़ 06 लाख निराश्रित महिलाओं, वृद्धजन तथा दिव्यांगजन को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की पेंशन की सुविधा दी जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विकास का यह सिलसिला लगातार चलता रहेगा। गरीबों के लिए राशन की सुविधा से लेकर उनके उपचार की व्यवस्था, बेटी की पढ़ाई से लेकर विवाह की व्यवस्था, मातृशक्ति के स्वावलम्बन को आगे बढ़ाने के कार्यक्रम, अन्नदाता किसानों की खुशहाली, श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालयों के माध्यम से उत्तम शिक्षा प्रदान करने के कार्यक्रम, यह सभी डबल इंजन सरकार द्वारा पूरी प्रतिबद्धता से आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता, गुण्डागर्दी और माफियागिरी थी। नौजवानों को नौकरी नहीं मिलती थी। युवाओं के सामने पहचान का संकट था। प्रदेश में अन्नदाता किसान आत्महत्या करते थे, गरीब भूख से मरता था, बेटी और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। हर पर्व और त्योहार के पहले दंगे होते थे, जिसमें लोगों के घर उजड़ जाते थे। दंगों की आशंका पर्व और त्यौहार के उत्साह को ठंडा कर देती थी। प्रदेश के अंदर विकास के कार्य रुके पड़े थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आगरा में टी0टी0जेड0 के कारण विकास कार्यों पर अवरोध है। इसके बावजूद डबल इंजन सरकार ने आगरा के विकास के लिए कदम बढ़ाए हैं। लेकिन अन्य जनपदों में टी0टी0जेड0 जैसी कोई व्यवस्था नहीं थी। यह मान्यता थी कि जहां से सड़कों पर गड्ढे प्रारम्भ हो जाएं, वहां से उत्तर प्रदेश की सीमा शुरू हो जाती है। जहां पर सांय होते ही अंधेरा हो जाए, वह उत्तर प्रदेश है। हर तीसरे दिन जहां दंगा हो, आगजनी हो या कर्फ्यू लगा हो, समझ लो वह उत्तर प्रदेश है। जहां व्यापारी पलायन कर रहा हो, यह मान लिया जाता था कि वह उत्तर प्रदेश है। जिन लोगों ने उस समय उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था, आज वही लोग फिर से झूठ बोलकर भ्रम उत्पन्न कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के गौरव से जुड़ा कोई भी कार्य हो, ऐसे लोग पहले ही नकारात्मक बातें करना प्रारम्भ कर देते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब कोविड कालखण्ड में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में हम सभी लोगों को बचाने के कार्यों से जुड़े थे, तब ऐसे लोग कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ने के बजाय सरकार से लड़ रहे थे। यह लोग कहते थे कि टेस्ट मत कराओ, ट्रीटमेण्ट मत कराओ और वैक्सीन भी मत लगाओ। दूसरी ओर डबल इंजन सरकार ने कोविड कालखण्ड में जनता के लिए निःशुल्क टेस्ट, ट्रीटमेण्ट, वैक्सीन तथा राशन की सुविधा दी थी। विपक्ष के लोग इस पूरे अभियान को निष्फल करने के लिए अफवाह फैला रहे थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब अयोध्या में 500 वर्षों के बाद श्री राम जन्म भूमि पर श्री राम लला के विराजमान होने की तिथि तय हुई, तब भी ऐसे लोगों ने विरोध किया। इन्हें आमंत्रण भी दिया गया। लेकिन इन्होंने दुष्प्रचार करना प्रारम्भ कर दिया। अयोध्या में श्री रामलला के विराजमान होने से पूरी दुनिया अभिभूत थी। लेकिन विपक्षी दलों में कोई उत्साह नहीं था। हाल ही में प्रयागराज की धरती पर महाकुम्भ-2025 का दिव्य और भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ है। इस आयोजन से देशवासियों और प्रदेशवासियों को जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ। ऐसे समय में भी कुछ लोग लगातार दुष्प्रचार कर रहे थे। 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालु एक जगह पर एक आयोजन का हिस्सा बने। ऐसा दुनिया में कभी नहीं और कहीं नहीं हुआ। लेकिन कुछ लोग तब भी इसका विरोध कर रहे थे। जब ऐसे लोगों को शासन करने का मौका मिला था, तब इन्होंने विकास नहीं किया। आज यह विकास में बैरियर बनने का काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाए जाने के लिए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया, जिससे उत्तर प्रदेश देश की नम्बर 01 की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ सके। जनता के सहयोग से उत्तर प्रदेश में अच्छे दिन देखने को मिले हैं। आज उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर देश के सबसे तेज गति से दौड़ने वाले राज्य के रूप में स्थापित हुआ है। आने वाले समय में इस गति को और दोगुनी गति से आगे बढ़ाया जा सके, इसके लिए जनता का सहयोग अपेक्षित है।
इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती बबिता चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने राजा मण्डी स्थित दरियानाथ मन्दिर पर शंखाढाल कार्यक्रम एवं धर्मसभा में नाथपंथी संतों के भव्य समागम को सम्बोधित किया

jin88h1.us.com Jin88 | Truy Cập Link 30s, Kho Game 500 Trò, Nhận Quà Hot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और खबरें

Sanatan Dharma Hindu News हिंदी के साथ रहें अपडेट

सब्स्क्राइब कीजिए हमारा डेली न्यूजलेटर और पाइए खबरें आपके इनबॉक्स में

Cricket Live

Rashifal