मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रदेश में इन्फ्लुएंजा-ए (एच1एन1) एवं सीजनल इन्फ्लुएंजा की स्थिति की समीक्षा करते हुए रोकथाम एवं उपचार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इन्फ्लुएंजा-ए (एच1एन1) की जांच सभी जिला अस्पतालों, सीएचसी, पीएचसी, मेडिकल कॉलेजों सहित सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क कराई जाए। अधिक मामलों वाले जिलों में निगरानी और उपचार व्यवस्था को और मजबूत किया जाए तथा अस्पतालों में दवा, जांच और आइसोलेशन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने गंभीर मरीजों के लिए अलग आईसीयू वार्ड तैयार करने तथा एच1एन1 की रोकथाम और उपचार के संबंध में विस्तृत गाइडलाइन जारी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि Teleconsultation व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए और जहां भी मामलों में बढ़ोतरी हो रही है, वहां निगरानी बढ़ाने के साथ तत्काल आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं की जाएं।
मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं, 65 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों पर विशेष ध्यान दिया जाए। एएनएम, आशा एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के सहयोग से सघन जांच अभियान चलाकर संभावित मरीजों की पहचान की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने अस्पतालों में इन्फ्लुएंजा जैसे लक्षण वाले मरीजों के लिए अलग काउंटर बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि संक्रमण की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाया जाए। क्या करना है और क्या नहीं करना है, इसकी सरल, सही और तथ्यपरक जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि अनावश्यक पैनिक की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि अस्पतालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर हाथों की स्वच्छता, खांसी और छींक के दौरान सावधानी तथा संक्रमण से बचाव के उपायों के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।



