उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री ने जी0पी0ओ0, हजरतगंज स्थित डॉ0 भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी भारत माता के महान सपूत बोधिसत्व भारत रत्न डॉ0 भीमराव आंबेडकर ने कहा था कि वह आदि से अन्त तक भारतीय, उन्होंने स्वयं अपमान सहा लेकिन भारत को कभी अपमानित नहीं होने दिया, इसी महानता के कारण स्वतंत्र भारत उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करता
बाबा साहब ने कहा था कि शिक्षित बनो, यदि आप शिक्षित रहेंगे, तो अपने कर्तव्यां से कभी विचलित नहीं होंगे डॉ0 आंबेडकर ने संविधान सभा की ड्राफ्टिंग कमेटी के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया, भारत का संविधान आज भी देश के नागरिकों को उत्तर से दक्षिण तथा पूर्व से पश्चिम तक जोड़ने की सामर्थ्य रखता
भारत एकता के सूत्र में बंधकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा, यह भारत के संविधान के कारण सम्भव हो पाया
प्रधानमंत्री जी ने देश के प्रत्येक क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करते हुए वंचितों के शैक्षिक, आर्थिक, सामाजिक तथा सांस्कृतिक उन्नयन का मार्ग प्रशस्त किया प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से प्रदेश सरकार ने जीरो पॉवर्टी के लक्ष्य के साथ एक बड़े कार्यक्रम को आगे बढ़ाया, इसके अन्तर्गत प्रत्येक गरीब और वंचित को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का काम किया जा रहा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि भारत माता के महान सपूत बोधिसत्व भारत रत्न डॉ0 भीमराव आंबेडकर ने कहा था कि वह आदि से अन्त तक भारतीय हैं। उन्होंने स्वयं अपमान सहा, लेकिन भारत को कभी अपमानित नहीं होने दिया। इसी महानता के कारण स्वतंत्र भारत उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करता है। मुख्यमंत्री जी आज यहां बाबा साहब डॉ0 भीमराव रामजी आंबेडकर की जयन्ती के अवसर पर भारतरत्न बोधिसत्व बाबा साहेब डॉ0 भीमराव आंबेडकर महासभा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। कार्यक्रम के पहले उन्होंने महासभा परिसर में स्थापित तथागत बुद्ध एवं डॉ0 भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा डॉ0 आंबेडकर के अस्थि कलश पर पुष्पांजलि अर्पित की। डॉ0 भीमराव आंबेडकर महासभा द्वारा प्रकाशित पत्रिका का विमोचन किया। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने जी0पी0ओ0, हजरतगंज स्थित डॉ0 भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बाबा साहब ने कहा था कि शिक्षित बनो। यदि आप शिक्षित रहेंगे, तो अपने कर्तव्यां से कभी विचलित नहीं होंगे। आज बाबा साहब की जयन्ती पूरे देश में भव्यता के साथ मनायी जा रही है। उनका जन्म मध्य प्रदेश के महू में सन् 1891 में हुआ था। समाज के लिए कुछ कर गुजरने के भाव के साथ उन्होंने उच्च शिक्षा हेतु इग्लैण्ड की ओर प्रस्थान किया। उनके पास धन का अभाव था। उनकी विक्षलणता को देखकर महाराजा बड़ोदरा ने उन्हें स्कॉलरशिप प्रदान की। इग्लैण्ड में शिक्षा प्राप्त कर वह भारत वापस आ गये। शोषितों और वंचितों को अधिकार दिलाना उनका संकल्प था। इन कार्यक्रमों को आगे बढ़ाते हुए बाबा साहब देश की आजादी के आन्दोलन में सम्मिलित हुए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डॉ0 आंबेडकर को स्वतंत्र भारत के प्रथम विधि और न्याय मंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर भी प्राप्त हुआ। उन्होंने संविधान सभा की ड्राफ्टिंग कमेटी के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। भारत का संविधान आज भी देश के नागरिकों को उत्तर से दक्षिण तथा पूर्व से पश्चिम तक जोड़ने की सामर्थ्य रखता है। जो लोग भारत की एकता के पक्षधर नहीं थे, वह स्वतंत्रता के पश्चात भारत की एकजुटता पर संशय रखते थे। उनकी आशंका गलत साबित हुई। भारत एकता के सूत्र में बंधकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। यह भारत के संविधान के कारण सम्भव हो पाया है, संविधान शिल्पी के रूप में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का प्रत्येक व्यक्ति स्मरण करता है। बाबा साहब ने विपरीत परिस्थितियों में गरीब घर में जन्म लेकर तथा शिक्षा की उच्चतम डिग्री प्राप्त कर कोटि-कोटि वंचित लोगों के जीवन को प्रकाशित करने का कार्य किया। पूरी दुनिया उनके इन कृत्यों को जानकर उनकी तुलना महामानव से करती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्वतंत्र भारत में बाबा साहब के सपने को साकार करने के लिए श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने प्रयास प्रारम्भ किये थे। इन प्रयासों को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने नई दिशा और गति देने का कार्य किया। प्रधानमंत्री जी ने देश के प्रत्येक क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करते हुए वंचितों के शैक्षिक, आर्थिक, सामाजिक तथा सांस्कृतिक उन्नयन का मार्ग प्रशस्त किया है। भारत दुनिया का पहला ऐसा देश है, जिसमें कोरोना जैसी महामारी में देश के 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन की सुविधा प्रदान की गई। यह लाभ आज भी प्रदान किया जा रहा है।
देश के 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान कार्ड, 12 करोड़ गरीबों को शौचालय, 45 करोड़ गरीब परिवारों को जनधन एकाउण्ट, 10 करोड़ गरीबों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत रसोई गैस सिलेण्डर तथा 04 करोड़ गरीबों को आवास की सुविधा से जोड़ा गया। प्रदेश में गरीब का जहां मकान स्थित है, उसे वहां की जमीन का पट्टा उपलब्ध कराने का कार्य किया रहा है। स्वामित्व योजना के अन्तर्गत प्रदेश में अब तक 01 करोड़ परिवारों को घरौनी उपलब्ध करायी जा चुकी है। इनमें बड़ी संख्या में गरीब और दलित परिवार शामिल हैं। 56 लाख गरीबों को आवास की सुविधा उपलब्ध करायी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से प्रदेश सरकार ने जीरो पॉवर्टी के लक्ष्य के साथ एक बड़े कार्यक्रम को आगे बढ़ाया है। इसके अन्तर्गत प्रत्येक गरीब और वंचित को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का काम किया जा रहा है। विगत 08 वर्षों में प्रदेश सरकार ने वनटांगिया, मुसहर, थारू, बुक्सा तथा चेरों आदि जनजातियों को सुविधाओं से शतप्रतिशत सैचुरेट करने के लक्ष्य के साथ कार्य किया है। उन्हें आवास, शौचालय, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड आदि से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले चरण में 14 से 15 लाख गरीब परिवारों को बुनियादी सुविधाएं एकमुश्त उपलब्ध कराने के कार्यक्रम को इसी महीने आगे बढ़ाया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में 20 से 25 ऐसे परिवार होंगे, जिन्हें आज तक बहुत सारी सुविधाएं नहीं प्राप्त हुई होंगी। उन्हें यह सुविधाएं डबल इंजन सरकार उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि डॉ0 भीमराव आंबेडकर की 134वीं पावन जयन्ती के अवसर पर यह सुविधाएं बाबा साहब को ही समर्पित करना चाहते हैं। यह जनकल्याणकारी योजनाएं बाबा साहब के नाम पर ही जानी जाएंगी, क्योंकि देश को शैक्षिक, सामाजिक तथा आर्थिक रूप से समुन्नत करने का दर्शन उन्होंने ही प्रदान किया था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश देश की सर्वाधिक आबादी वाला राज्य होने के बावजूद पहला ऐसा राज्य होगा, जो जीरो पॉवर्टी के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में कदम आगे बढ़ाएगा इस लक्ष्य के साथ आप सभी को भी जुड़ना होगा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अन्तर्गत अब तक 30 हजार से अधिक युवाओं को बैंकों से ब्याज और गारन्टी मुक्त ऋण की सुविधा उपलब्ध करायी जा चुकी है। इस अभियान के अन्तर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा पिछड़े वर्गों सहित अन्य ऐसे युवा लाभान्वित हो रहे हैं, जो मार्जिन मनी की व्यवस्था भी नहीं कर सकते। आने वाले समय में प्रतिवर्ष 01 लाख युवाओं को इस सुविधा से जोड़ा जाएगा। कारोबार प्रारम्भ करने के इच्छुक युवा प्रशिक्षण के साथ इस अभियान से जुड़ सकते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि ग्राम पंचायतों के सामुदायिक शौचालयों से सम्बन्धित समिति को प्रत्येक महीने मानदेय उपलब्ध हो जाए, ताकि शौचालय में कार्यरत कर्मियां को प्राप्त होने वाला मानदेय उन्हें नियमित रूप से प्रदान करने की व्यवस्था की जा सके। सरकार इस व्यवस्था को तत्काल आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने दलितों व वंचितों को सम्मान दिलाने का कार्य किया है। उन्होंने बाबा साहब के पंचतीर्थों का विकास किया। पाकिस्तान, बांग्लादेश तथा अफगानिस्तान के पीड़ितों को भारत में शरण देने तथा उन्हें नागरिकता प्रदान करने का कार्य किया। जोगेन्द्र नाथ मण्डल ने वर्णित किया था कि इतिहास की गलतियां हमें माफ नहीं करती हैं। इतिहास की घटनाएं स्वयं में सबक होती हैं। कोई भी ऐसा कार्य नहीं होना चाहिए, जो देश और समाज को कमजोर करता हो, क्योंकि हम सभी का अस्तित्व देश के अस्तित्व से है।
उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक, डॉ0 भीमराव आंबेडकर महासभा के अध्यक्ष तथा विधान परिषद सदस्य डॉ0 लालजी प्रसाद निर्मल, समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण तथा सांसद श्री ब्रज लाल ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह, लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना श्री संजय प्रसाद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे
